नालंदा कॉलेज के डॉ बिनीत लाल को मिला भारत सरकार का प्रोजेक्ट
पंचायती राज में महिला नेतृत्व पर करेंगे शोध
नालंदा कॉलेज में राजनीति विज्ञान विभाग के प्राध्यापक डॉ बिनीत लाल को भारत सरकार शिक्षा मंत्रालय की एजेंसी भारतीय सामाजिक विज्ञान अनुसंधान परिषद के द्वारा प्रोजेक्ट प्रदान किया गया है। “महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी एवं नेतृत्व: बिहार, झारखंड एवं मध्य प्रदेश के पंचायती राज संस्थाओं का तुलनात्मक अध्ययन” विषय पर शोध परियोजना के लिए भारत सरकार के द्वारा 8 लाख रू आवंटित किया गया है। परियोजना निदेशक के रूप में चयनित डॉ बिनीत लाल ने इसपर ख़ुशी व्यक्त करते हुए कहा कि नालंदा कॉलेज के शिक्षक के रूप में भारत सरकार का प्रोजेक्ट मिलना गर्व की बात है। इस शोध परियोजना के माध्यम से बिहार, झारखंड और मध्य प्रदेश जहां पंचायतों में 50 फ़ीसदी महिलाओं के लिए आरक्षण है वहाँ पर महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी एवं नेतृत्व से किस स्तर पर बदलाव हुए हैं उसका अध्ययन करना है। सामाजिक और आर्थिक चुनौतियाँ, शिक्षा और जागरूकता, पारंपरिक रूढ़िवादी सोच एवं अन्य चुनौतियों को किस तरह से समाधान किया जा सकता है इस शोध परियोजना में विभिन्न स्थानों पर सर्वे करके सुझाव दिये जाएँगे जिससे भारत सरकार को अपनी नीतियों को बनाने में सहायता मिल सके। इस कार्य के लिए फील्ड इन्वेस्टिगेटर, रिसर्च असिस्टेंट आदि पदों पर कुछ लोगों को रखा भी जा सकता है। डॉ लाल ने कहा कि कॉलेज के नैक रैंकिंग में भी इससे काफ़ी सहायता मिलेगी। सह परियोजना निदेशक के रूप में विवेकानंद कॉलेज, दिल्ली विश्वविद्यालय की प्राचार्या प्रो. पिंकी मौर्या के रूप में डॉ लाल के साथ काम करेंगी।
डॉ बिनीत लाल देश के प्रतिष्ठित संस्थान जेएनयू से पीएचडी हैं एवं नालंदा कॉलेज में 5 साल से अपनी सेवाएँ दे रहे हैं। इससे पूर्व दिल्ली विश्वविद्यालय में भी इन्होंने अध्यापन किया है। कॉलेज के प्राचार्य डॉ राम कृष्ण परमहंस, पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो एनके झा, डीएसडब्ल्यू प्रो राजीव रंजन ने इस उपलब्धि पर बधाई एवं शुभकामनाएँ दी। शिक्षक संघ के अध्यक्ष डॉ मंजु कुमारी, सचिव डॉ रत्नेश अमन, डॉ भावना, डॉ श्रवण कुमार, डॉ प्रीति रानी, डॉ शाहिदूर रहमान, अनिर्बन चटर्जी, डॉ शशांक शेखर झा सहित सभी शिक्षकों ने बधाई दी।