लोकतंत्र की मजबूती के लिए पत्रकारों की एकजूटता जरूरी। बिहारशरीफ 8 अक्टूबर। रविवार को शहर के आई एम ए हाल में जिला पत्रकार संघ नालंदा की बैठक संघ के जिला अध्यक्ष कमल किशोर प्रसाद की अध्यक्षता में हुई। बैठक में जिले के सभी प्रखंडों से आए करीब चार दर्जन पत्रकारों ने भाग लिया। बैठक को संबोधित करते हुए संघ के मुख्य संरक्षक में चन्द्रमणि पांडेय ने कहा कि जिले के सभी पत्रकारों को एक प्लेटफार्म पर लाने के उद्देश्य से इस संघ का गठन किया गया है। काफी कम समय में आप सबों के सहयोग से यह संघ मजबूत होता जा रहा है। बैठक को संबोधित करते हुए जिला पत्रकार संघ के अध्यक्ष कमल किशोर प्रसाद ने कहा कि पत्रकार भाई हमेशा तलवार की धार पर चलते हैं। व्यापक जनहित से जुड़े खबरों को प्रकाशित करने के कारण इन्हें अक्सर अपराधियों तथा पुलिस प्रशासन से जुड़े अधिकारियों का कोपभाजन बनना पड़ता है। ऐसी स्थिति में पत्रकारों के हित में जिला पत्रकार संघ लगातार संघर्ष करता रहा है।
अपने संबोधन में संरक्षक मंडल सदस्य रमाशंकर कुमार ने कहा कि मजबूत लोकतंत्र के लिए पत्रकारों की एकजूटता जरूरी है। अपने संबोधन में संरक्षक मंडल सदस्य सुनील कुमार सिन्हा ने कहा कि जिला पत्रकार संघ के बैनर तले पत्रकारों से जुड़े सभी प्रकार के समस्याओं का समाधान किया जाता है। संघ के जिला सचिव राजीव प्रसाद सिंह ने कहा कि जिले के सभी पत्रकारों के मान सम्मान के साथ किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। पत्रकारों के साथ अमर्यादित व्यवहार करने वालों के खिलाफ संघ हमेशा संघर्ष करता रहेगा। इस मौके पर संघ के कोषाध्यक्ष मो जियाउद्दीन, एमएफ तालिब, अजीत कुमार केसरी, अशोक कुमार पांडेय, अनिल कुमार, मुरलीधर प्रसाद, मो आफताब, मो निसार अंसारी, विनोद कुमार, प्रमोद झा ,पिंकी कुमारी, रवि ज्योति, जितेंद्र कुमार, डॉ देवकांत सिन्हा, राम उदय प्रसाद समेत दर्जनों पत्रकार शामिल थे।