Saturday, September 21, 2024
Homeकार्यक्रममातृ शक्ति की बराबर सहभागिता के बिना संगठन कार्य पूर्ण नहीं :...

मातृ शक्ति की बराबर सहभागिता के बिना संगठन कार्य पूर्ण नहीं : बीएमएस

बीएमएस बिहारश्री प्रतिनिधि। आज दिनांक 16 अक्टूबर दिन बुधवार को भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) बिहार प्रदेश का प्रदेश महिला अभ्यास वर्ग स्थानीय कुशवाहा धर्मशाला में प्रदेश उपाध्यक्ष इंदु झा की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का उदघाटन भारतीय मजदूर संघ की प्रदेश उपाध्यक्ष इंदु झा, प्रांतीय अध्यक्ष राजेश लाल जी एवं बिहार प्रदेश आंगनबाड़ी कार्यकर्ता संघ की प्रदेश अध्यक्ष पुष्पा पांडे द्वारा भारत माता के तैल चित्र के समक्ष दीप जला कर किया गया। अभ्यास वर्ग को संबोधित करते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष इंदु झा ने कार्यक्रम में उपस्थित महिला कार्यकर्ताओं को अपने संबोधन में कहा कि जब तक मातृ शक्ति के बराबर सहभागिता संघ में नहीं होगी, तब तक संगठन कार्य पूर्ण नही हो सकता है।

उन्होंने आगे कहा कि पूरे विश्व में भारतीय मजदूर संघ ही एक मात्र ऐसा श्रमिक संगठन है, जिसमे केंद्रीय नेतृत्व से लेकर जिला स्तर के इकाइयों में मातृ शक्ति के सहभागिता एवं नेतृत्व विकास के लिए प्रयास किया जा रहा है। साथ ही महिलाओं की आनुपातिक सहभागिता सुनिश्चित हो, इसके लिए समय-समय पर महिला अभ्यास वर्ग आयोजित कर उन्हें आगे लाने की दिशा में प्रयास किया जा रहा है। वहीं कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बिहार प्रदेश आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ की प्रदेश महामंत्री नजमा खातून ने उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि देश हित, उद्योग हित, मजदूर हित में कार्य करने वाला एक मात्र मजदूर संगठन भारतीय मजदूर संघ है और इसका कार्यकर्ता होना मात्र ही हम सभी के लिए गर्व महसूस करने का कारण है।

● बिहार को राष्ट्रीय अधिवेशन की मेजबानी का सौभाग्य ऐतिहासिक निर्णय : राजेश लाल

कार्यक्रम को दूसरे सत्र में संबोधित करते हुए भारतीय मजदूर संघ, बिहार के प्रदेश अध्यक्ष राजेश लाल ने कार्यकर्ताओं को कहा कि भारतीय मजदूर संघ का राष्ट्रीय अधिवेशन की मेजबानी का मौका बिहार को पहली बार मिला है, हम सभी को राष्ट्रीय अधिवेशन के लिए तन मन धन से जुट कर राष्ट्रीय अधिवेशन को ऐतिहासिक रूप से सफल करना है। इसके लिय हम सभी को आज से ही तैयारी करनी होगी। उन्होंने कहा कि अधिवेशन में बिहार की गलियों में निकलें जाने वाले शोभायात्रा में समूचे भारत वर्ष में आने वाले कार्यकर्ताओं के उपस्थिति के कारण लघु भारत का दर्शन होगा। उन्होंने आगे कहा कि बिहार पाटलिपुत्र की धरती पर सम्पन्न होनेवाले अधिवेशन एक नई ऊर्जा देने वाला एवं ऐतिहासिक होगा।

● श्रम कानूनों में महिलाओं की भागीदारी एवं उसके कार्यप्रणाली पर विशेष सत्र

कार्यक्रम के तीसरे एवं अंतिम सत्र में अभ्यास वर्ग को दत्तोपंत ठेंगड़ी श्रमिक शिक्षा बोर्ड के क्षेत्रीय कार्यालय प्रमुख दिलीप सतपथी ने संबोधित किया। जिसमें उनके द्वारा महिला कार्यकर्ताओं को संगठन बनाने में श्रमिक नेताओ के कानूनी अधिकारों की जानकारी दी गयी। साथ ही सरकार के श्रम सुधार कानून पर भी महिलाओ से संबंधित कानूनों एवं उसमें मिलने वाली सहभागिता पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने प्रशिक्षण में महिलाओं की सामाजिक सहभागिता एवं सक्रियता पर जोर देते हुए उनसे अधिक से अधिक कार्य करने को प्रोत्साहित किया।

कार्यक्रम का समापन प्रदेश महिला प्रमुख मंजू आर्य जी के द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया। अभ्यास वर्ग कार्यक्रम में बिहार के 9 जिलों से कुल 47 प्रतिनिधियों ने भाग लेकर संगठन कार्य को आगे बढ़ाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया। अभ्यास वर्ग की सफलता में भारतीय मजदूर संघ, बिहार के प्रदेश मंत्री अशोक सोनू, नालंदा जिलाध्यक्ष सतीशचन्द्र प्रभात, जिला उपाध्यक्ष अमरेन्द्र कुमार सिन्हा, लाल बहादुर प्रसाद, जिला मंत्री सुधीर पटेल, सहमंत्री मुकेश कुमार केशव, सन्तोष कुमार घायल, जिला संग़ठन मंत्री बलराम सिंह, कनक प्रकाश, अनिल प्रसाद सिन्हा ने अपनी भूमिका निभाई।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments